राजनांदगांव। निगम स्वामित्व की जीई रोड और कस्तुरबा महिला मंडल रोड की दुकानों के जीर्णोद्धार को लेकर महापौर मधुसूदन यादव ने अपने कक्ष में दुकानदारों की बैठक बुलाई। बैठक में निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, प्र. कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम और राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी भी उपस्थित थे।
बैठक में दुकानदारों को नई ड्राइंग डिजाइन, दुकानों की साइज, पार्किंग और प्रीमियम राशि की जानकारी दी गई। महापौर ने बताया कि दुकानदारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए लागत राशि किश्तों में ली जाएगी। साथ ही लीज अवधि बढ़ाने के लिए आवेदन लेकर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।
नगर निगम के अनुसार जीई रोड में 38 और कस्तुरबा महिला मंडल रोड में 18 दुकानों की स्थिति जर्जर हो गई थी। दुकानदारों ने नई ड्राइंग डिजाइन में कुछ परिवर्तन का सुझाव दिया, जिसे महापौर ने स्वीकार किया और प्राक्कलन के अनुसार दर निर्धारित कर पुनः बैठक बुलाने का निर्णय लिया।
निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि दुकाने निगम की ओर पीछे से बनाई जाएंगी और प्रीमियम कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार तय किया जाएगा। बैठक में दोनों मार्गों के सभी दुकानदार उपस्थित थे और उन्होंने जीर्णोद्धार कार्य में सहयोग की प्रतिबद्धता जताई।
महापौर ने जीई रोड और कस्तुरबा महिला मंडल रोड की दुकानों के जीर्णोद्धार पर ली बैठक
