राजनांदगांव। वार्ड क्रमांक 39 स्थित गंजपारा शासकीय प्राथमिक शाला (इंग्लिश मीडियम इगनाईट) में निर्माणाधीन मॉडल क्लास का महापौर मधुसूदन यादव ने आज निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रगति की जानकारी ली और कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले महापौर श्री यादव और वार्ड पार्षद रवि सिन्हा ने शाला का निरीक्षण किया था, जिसके बाद इसे मॉडल शाला के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया था। इसके तहत त्वरित कार्यवाही करते हुए शाला परिसर में सुधार कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
महापौर श्री यादव ने इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दिनेश गांधी, निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, लोककर्म विभाग के प्रभारी सदस्य सावन वर्मा और वार्ड पार्षद रवि सिन्हा के साथ निर्माणाधीन कक्षाओं और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उप अभियंता अनूप पाण्डे ने बताया कि वाल पुट्टी और बाथरूम मरम्मत कार्य प्रगति पर हैए विद्युत कार्य पूर्ण हो चुका हैए और टाइल्स लगाना व पोताई कार्य शेष है।
महापौर ने इस अवसर पर ठेकेदार को निर्देशित किया कि कार्य शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने उप अभियंता को सतत निगरानी रखने और समय सीमा के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया। महापौर ने कहा कि गंजपारा विद्यालय को एक आदर्श मॉडल शाला के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि यहां के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके और आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थी भी लाभान्वित हों।
वार्ड पार्षद रवि सिन्हा ने इस मौके पर कहा कि महापौर श्री यादव के सहयोग से वार्ड का विकास निरंतर गति पकड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता से जो वादे किए गए थे, उन्हें अब धरातल पर उतारा जा रहा है। इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर शाला की प्राचार्य श्रीमती राबिया शादाब और निगम का अन्य अमला भी उपस्थित था।
महापौर मधुसूदन यादव ने गंजपारा शासकीय प्राथमिक शाला का किया निरीक्षण, निर्माणाधीन मॉडल क्लास पर लिया फीडबैक
