राजनांदगांव। नगर में सकल जैन श्री संघ द्वारा 27 से 31 मार्च तक महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव मनाया जा रहा है। महोत्सव के तीसरे दिन आज सुबह छह बजे गंज लाइन स्थित दिगंबर जैन मंदिर परिसर से अहिंसा पदयात्रा निकली, जो नगर भ्रमण करती हुई सदर बाजार से होकर जैन बगीचा पहुंचकर संपन्न हुई। महोत्सव के तहत कल 28 मार्च को तात्कालिक भाषण एवं म्यूजिकल हाऊजी के आयोजन बहुत शानदार हुआ एवं इस कार्यक्रम का दर्शकों ने खूब लुत्फ उठाया। आज 29 मार्च रविवार को भी दिन भर कार्यक्रम होते रहे। महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के तहत प्रतिदिन विविध कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।
सकल श्री जैन संघ के अध्यक्ष विनय डड्ढा, उपाध्यक्ष अशोक झांझरी, सचिव अजय सिंगी एवं कोषाध्यक्ष खुशालचंद पारख तथा आयोजन समिति के संजोयक मिश्रीलाल गोलछा, सह संयोजक विजय कांकरिया, उपाध्यक्ष नरेश बैद, सचिव गौतम बाफना, सहसचिव अतिन जैन, कोषाध्यक्ष सीए ऋषभ नाहटा, श्री पार्श्वनाथ जैन मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी तथा आयोजन से जुड़े ललित भंसाली, भावेश बैद एवं रोशन गोलछा और जीवन जैन ने बताया कि महोत्सव के तीसरे दिन 29 मार्च रविवार को सुबह 6 श्री दिगंबर जैन मंदिर से सद्भावना पदयात्रा का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में सकल जैन समाज के लोग शामिल हुए। इस यात्रा में महिलाएं एवं पुरुष नंगे पैर नगर भ्रमण करते हुए तथा भगवान महावीर के संदेशों का प्रचार-प्रसार करते हुए जैन बगीचा पहुंचे। इसके बाद सुबह 8.30 बजे से समता भवन में चरित्राचार की साधना हुई, जिसमें सामूहिक सामयिक सकल संघ के सदस्यों द्वारा काफी बड़ी संख्या में किया गया। दोपहर 12.15 से 2 बजे तक वीर प्रसादम का आयोजन गुरुद्वारा चौक में हुआ तथा दोपहर 1 बजे से 3 तक वीर प्रसादम एवं शरबत वितरण का आयोजन जैन स्थानक भवन सदर बाजार में हुआ। दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक जैन बगीचे के नए हाल में किड्स कार्निवल जो की एयरपोर्ट थीम पर आयोजित हुआ एवं 400 से अधिक बच्चों ने भाग लिया एवं बहुत से गिफ्ट जीते। शाम पीके आज ही सुबह 10 से 11.30 बजे तक महावीर कल्प वृक्ष जिनालय में भगवान महावीर पंचकल्याणक पूजा भी हुई, 4 से 6 बजे तक महावीर वृद्धाश्रम में फल वितरण का कार्यक्रम हुआ।
महावीर जनकल्याणक महोत्सव के चौथे दिन 30 मार्च सोमवार को सुबह 6 जीव दया यात्रा वर्धमान स्थानक भवन सदर बाजार से प्रारंभ होगी। सुबह 8.45 से 9.45 तक नए हाल जैन बगीचे में सामूहिक नवकार जाप होगा। दोपहर 12.15 बजे तपाचार की साधना नेम भवन जैन बगीचे में होगी। दोपहर 12.15 बजे से 2 बजे तक वीर प्रसादम का आयोजन दिल्ली दरवाजा पोस्ट ऑफिस चौक के पास होगा। दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक जैन बगीचे के नए हाल में धार्मिक अंताक्षरी का आयोजन होगा। शाम 7 बजे से जैन बगीचे में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। यह जानकारी मीडिया प्रभारी विमल हाजरा ने दी।
महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, निकली सद्भावना पदयात्रा
