मुंबई से इंटरनेशनल साइबर ठग गिरोह के सदस्य की गिरफ्तारी
राजनांदगांव।(नांदगाँव टाइम्स) साइबर अपराधों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर सेल राजनांदगांव और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने इंटरनेशनल साइबर ठग गिरोह के एक सदस्य रोहित महेश कुमार वीरवानी को मुंबई से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह गिरोह भारत में ऑनलाइन ठगी कर ठगी की रकम को क्रिप्टोकरेंसी (USDT) के माध्यम से कंबोडिया में स्थित चीनी स्कैमर्स तक भेजने का काम कर रहा था।

ठगी का अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क
इस गिरोह ने भारत में SHADI.COM, ADONI One ग्रुप, CISCO जैसी फर्जी इन्वेस्टमेंट कंपनियों के नाम से ठगी कर करोड़ों रुपये लोगों से लूटे। गिरोह ने अब तक 60 से अधिक बैंक खातों के जरिये 5 करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन किया है।
कैसे हुआ खुलासा ?
राजनांदगांव निवासी रूपेश साहू ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया था। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए मुंबई से रोहित महेश कुमार वीरवानी को गिरफ्तार किया गया।
कैसे करता था गिरोह ठगी ?
गिरफ्तार आरोपी रोहित वीरवानी और उसके साथी भारतीय बैंक खातों का इस्तेमाल कर ऑनलाइन ठगी की रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर कंबोडिया भेजते थे। यह रकम कंबोडिया स्थित स्कैम सेंटर में कार्यरत भारतीय और चीनी ठगों तक पहुंचाई जाती थी।
पुलिस की तत्परता से गिरोह का पर्दाफाश
इस बड़े साइबर अपराध का पर्दाफाश पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के निर्देशन में किया गया। साइबर सेल के निरीक्षक विनय कुमार पम्मार और थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने रोहित वीरवानी को मुंबई के अंधेरी इलाके से गिरफ्तार किया।
जब्त सामान और आगे की कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपी से • एक एंड्रॉइड मोबाइल • चार एटीएम कार्ड • ऑनलाइन लेन-देन के महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं।
आरोपी को 13 फरवरी 2025 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है, जहां उससे अन्य साथियों और इस बड़े साइबर ठगी गिरोह के नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।
राजनांदगांव पुलिस का संदेश
राजनांदगांव पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने और साइबर ठगों के झांसे में न आने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन निवेश या अज्ञात बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करने से पहले सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।