मोर मकान मोर आस योजना : 1 अप्रैल को आवास आबंटन, वर्षों से किराए में रहने वाले परिवारों का सपना होगा पूरा

Share This :

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री आवास योजना के घटक मोर मकान मोर आस के तहत वर्षों से किराए में रहने वाले परिवारों का अब सपना साकार होने जा रहा है। नगर निगम सीमा क्षेत्र में निर्मित 1427 बहुमंजिला आवासों और 503 निर्माणाधीन आवासों का आबंटन 1 अप्रैल 2026 को लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि लॉटरी प्रक्रिया निगम सभागृह में दोपहर 3:30 बजे आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले आबंटन में 236 पात्र आवेदकों को आवास मिल चुका है। इस बार दावा-आपत्ति के बाद कुल 874 पात्र आवेदक लॉटरी में शामिल होंगे।

आयुक्त ने बताया कि निर्मित आवासों के लिए हितग्राहियों को अंशदान की राशि एकमुश्त जमा करनी होगी। वहीं, निर्माणाधीन आवासों के लिए प्रति आवास मूल्य का 10 प्रतिशत अग्रिम जमा करना होगा और शेष राशि 10 माह में किस्तों में दी जा सकेगी।

वर्तमान में निर्माणाधीन आवासों में 272 यूनिट लखोली (2,74,044 रुपये प्रति यूनिट), 258 यूनिट रेवाडीह और पेण्ड्री (2,91,027 रुपये प्रति यूनिट) और 870 यूनिट पेण्ड्री एवं मोहारा (2,80,115 रुपये प्रति यूनिट) शामिल हैं। सभी निर्माणाधीन आवास वर्ष 2026 के भीतर पूर्ण कर लिए जाएंगे, जिससे आवेदक अपने आवास का निर्माण अपने आंखों के सामने देख सकेंगे।

नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि आवास आबंटन योजना के तहत सभी कार्य शासन द्वारा निर्धारित दरों और नियमों के अनुसार किए जाएंगे।