राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर और अति. पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में, यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।
यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप के नेतृत्व में यह अभियान अग्रवाल ट्रांसपोर्ट तिराहा से लेकर पुराना बस स्टैंड चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, रेल्वे स्टेशन रोड, भगत सिंह चौक, महावीर चौक, गुरूद्वारा चौक, नया बस स्टैण्ड, अम्बेडकर चौक, मनोकामना चौक और आरके नगर चौक तक चलाया गया। इन स्थानों पर दोनों ओर अवैध रूप से खड़े वाहनों पर लॉक लगाकर मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा, नो पार्किंग में खड़ी दोपहिया वाहनों को क्रेन से हटाया गया और काले शीशे वाले एक चारपहिया वाहन पर मोटरयान अधिनियम की धारा 100 के तहत 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। कुल मिलाकर 30 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और सर्विस रोड जैसे स्थानों पर वाहन न खड़ा करें। पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी ताकि शहर में यातायात सुचारू रूप से चल सके और आमजन की आवाजाही में कोई रुकावट न आए।
साथ ही, शहर के कारोबारियों से आग्रह किया गया है कि वे मालवाहक वाहनों में लोडिंग-अनलोडिंग केवल जिला दंडाधिकारी द्वारा निर्धारित समय के अनुसार ही कराएं।
यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई, नो पार्किंग में खड़े 30 वाहनों पर जुर्माना
