मोहला। छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक नगरी रतनपुर में 23 से 25 दिसंबर तक आयोजित रेन सिन कान सी-5 कराटे फेस्ट ने एक नया इतिहास रचा। यह आयोजन रेन सिन कान कराटे छत्तीसगढ़ और वसेंटाइल मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में माँ महामाया मंदिर परिसर में हुआ, जहां खेल, संस्कार और संस्कृति का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।
जिले की बेटियों का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में जिले के मानपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पानाबारस की प्रतिभाशाली बेटियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। कु. हर्षिता शाह मांडवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता, कु. कुमकुम मांडवी ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल और मूवमेंट ट्रॉफी पर कब्जा किया, वहीं कु. कीर्ति शाह मांडवी (कोच) को उनके बेहतरीन प्रशिक्षण के लिए कोच ट्रॉफी और ‘पुरखा के सुरता सम्मान’ से नवाजा गया। इस दौरान इन सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कलेक्टर ने की बेटियों की सराहना
इन होनहार बेटियों को आज जिला कार्यालय में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने सम्मानित किया और उन्हें इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने कहा, “ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियाँ अब हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं, और यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।”
उन्होंने बालिकाओं को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा, “खेल केवल शारीरिक विकास नहीं करता, बल्कि आत्मबल, नेतृत्व क्षमता और जीवन मूल्यों को भी मजबूत करता है।” कलेक्टर ने जिले की अन्य बालिकाओं से भी कराटे और अन्य खेल विधाओं में भाग लेने का आह्वान किया, ताकि वे आत्मरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें।
जिला पंचायत सीईओ ने भी की सराहना
इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती भारती चंद्राकर भी उपस्थित थीं और उन्होंने भी बेटियों के इस अद्भुत प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
यह आयोजन जिले की होशियार और मेहनती बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुका है और इससे यह भी साबित होता है कि यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलें, तो कोई भी बच्चा अपनी पहचान बना सकता है।
