राजनांदगांव के आरला और तोरणकट्टा में निकली कलश जल यात्रा

Share This :

पद्मश्री फूलबासन यादव ने जल संरक्षण और पौधरोपण का दिलाया संकल्प

राजनांदगांव (नांदगाँव टाइम्स) विकासखंड राजनांदगांव के ग्राम आरला और तोरणकट्टा में जल संरक्षण एवं पर्यावरण बचाने हेतु जागरूकता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। हरियाली बहिनी संगठन द्वारा कलश जल यात्रा निकालकर जल संरक्षण एवं पौधरोपण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने का अभियान प्रारंभ किया गया। इस विशेष आयोजन में पद्मश्री सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती फूलबासन यादव की प्रेरक उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा से हुई, जिसमें महिला स्वसहायता समूह की सदस्याएं पारंपरिक परिधान में कलश सिर पर लेकर पूरे गांव में घूमीं और जल एवं हरियाली बचाने का संदेश दिया। इसके पश्चात आयोजित सभा में पद्मश्री फूलबासन यादव ने जल की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों को जल संरक्षण के लिए संकल्प दिलाया।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “पानी जीवन का मूल है, इसका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है।” उन्होंने रबी फसलों में धान के स्थान पर कम जल की आवश्यकता वाली फसलों को प्राथमिकता देने की अपील की और प्रत्येक घर में सोक पिट निर्माण कर वर्षा जल संचयन की आवश्यकता पर जोर दिया।

फूलबासन यादव ने उपस्थित जनसमूह को अधिक से अधिक पौधरोपण करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण से न केवल पर्यावरण संतुलन कायम रहता है, बल्कि वर्षा और भूमिगत जलस्तर को बनाए रखने में भी मदद मिलती है।

इस अवसर पर सदस्य जिला पंचायत श्रीमती देवकुमारी साहू, ग्राम आरला की सरपंच श्रीमती साधना साहू, उप सरपंच श्रीमती शशिकला देवांगन, श्री शिव कुमार देवांगन, हरियाली बहिनी संगठन की सदस्याएं, ग्राम संगठन के पदाधिकारी, बिहान केडर और क्षेत्र के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम ने ग्रामीणों में जागरूकता की अलख जगाई और जल, जंगल, जमीन के संरक्षण की दिशा में सामूहिक भागीदारी को बल प्रदान किया। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना की और सक्रिय रूप से सहयोग देने का संकल्प लिया।