राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर म्यूनिसिपल स्कूल मैदान में आयोजित राज्योत्सव 2025 ने शहरवासियों को तीन दिन तक सांस्कृतिक समागम का आनंद दिया। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मनाए गए इस रजत महोत्सव में जिले के विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों के कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुति देकर उत्सव की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम के अंतिम दिन विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य और गीतों से मंच पर धमाल मचाया। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पेंड्री, पीएमश्री सर्वेश्वर दास नगर पालिक निगम उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और नीरज पब्लिक स्कूल पेंड्री के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। वहीं, श्रीमती कामनी साहू के लोकगीतों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
शास्त्रीय नृत्य में चक्रधर कत्थक कल्याण केंद्र के कलाकारों ने कला की उच्चतम उड़ान दिखाई। समाज कल्याण विभाग के कलापथक दल और विभिन्न जिलों से आए दिव्यांग कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा से उत्सव को विशेष बनाया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही विकास विभागों की योजनाओं और जनकल्याणकारी पहलों की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से आम जनता को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। राज्योत्सव 2025 के रंगारंग कार्यक्रमों ने निश्चित ही इसे यादगार आयोजन बना दिया।
