छुरिया। विकासखंड अंतर्गत ग्राम रतनभाट में आयोजित रामचरितमानस सम्मेलन ने पूरे गांव को भक्ति और श्रद्धा के सागर में डुबो दिया। रामनाम की चौपाइयों और मानस पाठ से संपूर्ण ग्राम भक्तिमय हो उठा। इस भव्य आयोजन में जिला पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और भी महत्व दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति श्री गोपाल भुआर्य ने की, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मभूषण साहू ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। मंचासीन अतिथियों का ग्रामवासियों ने हार्दिक स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने अपने संबोधन में कहा, “रामचरितमानस न केवल धार्मिक ग्रंथ है, बल्कि यह मानव जीवन को मर्यादा, सत्य, सेवा और करुणा का मार्ग दिखाने वाला अमूल्य रत्न है। इस तरह के सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी को हमारी सनातन संस्कृति से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।” उन्होंने आयोजन समिति और ग्रामवासियों को इस भव्य आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत सभापति श्री गोपाल भुआर्य ने कहा, “रामचरितमानस के संदेश आज के समय में और भी प्रासंगिक हो गए हैं। इस ग्रंथ से समाज में सद्भाव, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का प्रसार होता है।”
इस अवसर पर जिला भाजपा कार्यकारिणी सदस्य पद्मभूषण साहू, ग्राम उप सरपंच दिग्विजय मिश्रा, ग्राम प्रमुख रोहित भुआर्य, अलख धनकर, मजिद खान, रूपसिंह भुआर्य, बाबूराम धनकर, जीवधन देवांगन, मेहतर देवांगन समेत बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।
सभी उपस्थित लोगों ने इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन को एक नई ऊर्जा और श्रद्धा के साथ अनुभव किया। रामचरितमानस सम्मेलन ने न केवल ग्राम रतनभाट में भक्ति का माहौल बना दिया, बल्कि ग्रामीणों में सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को भी प्रगाढ़ किया।
