राष्ट्र को परम वैभव की ओर ले जाना ही संघ का ध्येय : स्वप्निल कुलकर्णी

Share This :

राजनांदगांव। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया। होटल राज इंपिरियल के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता मध्य क्षेत्र प्रचारक स्वप्निल कुलकर्णी थे। वहीं कार्यक्रम में विभाग संघ चालक राजेश ताम्रकार और जिला संघ चालक राधेश्याम शर्मा मंचस्थ थे। श्री कुलकर्णी ने संघ के भविष्य के विजन और राष्ट्र निर्माण में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में श्री कुलकर्णी ने कहा कि संघ का मूल उद्देश्य भारत को परम वैभव के शिखर पर ले जाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परम वैभव का अर्थ केवल शक्तिशाली या साम्राज्यवादी होना नहीं है, बल्कि भारत को दुनिया का सबसे अच्छा और आदर्श देश बनाना है। उन्होंने जोर देकर कहा, हमें भारत को बड़ा बनाना है, लेकिन भारत को भारत बनाए रखते हुए ही यह संभव है। स्वप्निल जी ने संघ की प्रार्थना और शाखाओं में गाए जाने वाले गीतों का संदर्भ देते हुए कहा कि राष्ट्र को शिखर पर ले जाने की पहली शर्त धर्म का संरक्षण है। उन्होंने धर्म की व्याख्या करते हुए कहा कि यह केवल पूजा-पाठ या उपासना की पद्धति नहीं है, बल्कि यह हमारे शाश्वत जीवन मूल्य हैं। इन्हीं मूल्यों के आधार पर एक समर्थ राष्ट्र की नींव रखी जा सकती है।
गोष्ठी के दौरान संघ के 100 वर्षों की विकास यात्रा और आने वाले समय में समाज के प्रति संघ की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। वक्ता श्री स्वप्निल ने आह्वान किया कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को अपनी जड़ों से जुड़कर राष्ट्रहित में कार्य करना होगा।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता श्री स्वप्निल ने उपस्थित प्रमुख जनों के द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का सारगर्भित एवं समाधान कारक उत्तर दिया। नगर में यह पहला अवसर है, जब संघ के आयोजन में मुस्लिम एवं ईसाई समाज के प्रमुखजन सहित शहर एवं अंचल के विभिन्न श्रेणियों के प्रबुद्धजनों को आमंत्रित किया गया था।
वहीं गोष्ठी में समाजसेवी व उद्योगपति बहादुर अली, अधिवक्ता एचबी हाजी, मनोज चौधरी, संत समाज से ज्ञानी सतपाल सिंह, जितेंद्र साहेब, देवेंद्र साहब, स्वामी अनंतानंद जी, किशोरी लाल जी महराज, आदिवासी समाज से एमडी ठाकुर, बौद्ध समाज से कन्हैया लाल खोब्रागढ़े, जिला सतनामी समाज से विजय राय, गुजराती समाज से हीरा भाई पटेल, मुस्लिम समाज से हसन अली, इरफान खान, कृषक दादू राम सोनकर, डॉ. पवन जेठानी, डॉ. मिथलेश शर्मा, डॉ. भालेराव, शिक्षाविद् नीरज बाजपेई, सीए राजेश जैन, प्रफुल्ल कोठारी, जनप्रतिनिधियों में संसद सदस्य संतोष पाण्डेय, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, कोमल सिंह राजपूत, सागर चितलांग्या, करनैल सिंग भाटिया सहित बड़ी संख्या में प्रमुख जन उपस्थित थे।