‘रूप नहीं, गुण को देखो’ कार्यक्रम से बच्चों को मिला आत्मविश्वास बढ़ाने का संदेश

Share This :

राजनांदगांव। यूनिसेफ के एलायंस फॉर बिहेवियर चेंज के अंतर्गत संचालित ‘रूप नहीं, गुण को देखो’ अभियान के तहत शनिवार को शहर के दो शासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास व आत्मविश्वास बढ़ाने हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में कक्षा 6वीं से 8वीं तक के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का आयोजन शासकीय ठाकुर प्यारेलाल सिंह विद्यालय तुलसीपुर और पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी माध्यमिक शाला में किया गया। शिवेंद्र सहयोग एवं जनकल्याण संस्थान के अध्यक्ष अनिमेष राय ने बच्चों को कार्यक्रम का उद्देश्य बताते हुए आंतरिक गुणों को निखारने की आवश्यकता पर बल दिया।
यूनिसेफ युवोदय के जिला समन्वयक विनोद टेम्बुकर ने छात्रों को समझाया कि किस प्रकार बाहरी रूप की अपेक्षा आंतरिक गुणों और हुनर को पहचानना व संवारना अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने किशोरावस्था में आत्मविश्वास की कमी, रूढ़िगत सोच व लैंगिक असमानताओं के प्रभाव को सरल भाषा में स्पष्ट किया। कार्यक्रम में पोस्टर प्रदर्शन के माध्यम से बच्चों को प्रेरित किया गया कि वे दिखावे की बजाय अपने भीतर छिपे कौशल और गुणों को पहचानें और पढ़ाई के लिए घर में पढ़ाई का कोना बनाएं।
कार्यक्रम में सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष सरिता भोजवानी ने पॉक्सो एक्ट व गुड टच-बैड टच के बारे में छात्राओं को जागरूक किया।
ठाकुर प्यारेलाल सिंह विद्यालय में कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्लई रहे, वहीं बख्शी विद्यालय में जनभागीदारी समिति अध्यक्ष देवशरण सेन व पार्षद अमृता मोहन सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला शक्ति समूह की मोना गोसाई, सुधा पवार, संगीता शुक्ला, रितु शर्मा, कुमारी महोबिया, जमुना साहू, फातिमा सोलंकी, प्रेमा सोनकर, अनीता फ्रांसिस, कमलेश्वरी साहू व कांति मौर्य ने अहम भूमिका निभाई।
अंत में प्राचार्य श्रीमती खरे एवं सह प्राचार्य द्वारा सभी अतिथियों व आयोजकों को इस प्रेरणादायी आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।