रैंप योजना के तहत बुनकर केन्द्र लखोली में उद्यमियों हेतु सेक्टर स्पेसिफिक प्रशिक्षण सम्पन्न

Share This :

राजनांदगांव। केन्द्र सरकार की रैंप योजना के अंतर्गत बुनकर केन्द्र लखोली में हथकरघा क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों के लिए तीन दिवसीय सेक्टर स्पेसिफिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का आयोजन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय और राज्य सरकार की उद्यमिता प्रोत्साहन पहल के तहत सीएसआईडीसी रायपुर के मार्गदर्शन में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में कुल 32 महिला उद्यमियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना, स्वरोजगार के अवसर सृजित करना और प्रतिभागियों को व्यवहारिक तथा तकनीकी ज्ञान प्रदान करना था।

प्रशिक्षण के पहले दिन प्रतिभागियों से संवाद कर उनकी वर्तमान गतिविधियों, कार्यप्रणाली और चुनौतियों की जानकारी ली गई। मास्टर ट्रेनर द्वारा वन-टू-वन मार्गदर्शन के माध्यम से संस्थागत ढांचे, अनुभव और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। दूसरे दिन केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, सब्सिडी प्रावधानों, ईडीपी प्रशिक्षण, कौशल विकास, मार्केटिंग रणनीतियों और उद्यम पंजीयन की आवश्यकताओं पर जानकारी दी गई।

अंतिम दिन आयात-निर्यात की रणनीति, विभागीय समन्वय और भविष्य की मांगों के अनुरूप साड़ी, सूट, कुर्ता सहित अन्य रेडीमेड वस्त्रों के निर्माण पर ध्यान केंद्रित किया गया, ताकि बुनकरों को अतिरिक्त रोजगार के अवसर मिल सकें। इस अवसर पर जिला उद्योग केन्द्र के प्रबंधक श्री प्रणय बघेल ने प्रतिभागियों को शासकीय योजनाओं, ऋण प्रणाली, सब्सिडी, वर्किंग कैपिटल और प्रस्तुति संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। पूर्व ईडीपी लीप बैच के प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायी और मार्गदर्शक बताया। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर पारूल पाण्डेय, डिविजनल समन्वयक श्री लोकेश सिन्हा और श्री तुषार साहू की सक्रिय भूमिका रही। समापन अवसर पर चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।