विकसित छत्तीसगढ़ का रोडमैप है बजट – डॉ रमन सिंह

Share This :

राजनांदगांव को लगभग 1000 करोड़ की सौगात

शिवनाथ संरक्षण से खेल, शिक्षा और अधोसंरचना तक विकास का व्यापक खाका

रायपुर (नांदगाँव टाइम्स)। राजनांदगांव को वर्ष 2026-27 के प्रदेश बजट में विकास की बड़ी सौगातें मिली हैं। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये के बजट में जिले के लिए लगभग 1000 करोड़ रुपये के प्रावधान किए गए हैं, जिससे शिक्षा, खेल, अधोसंरचना, जल संरक्षण और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को नई गति मिलेगी।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बजट को “विकसित छत्तीसगढ़ का रोडमैप” बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन का परिचायक है। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा प्रस्तुत इस बजट की थीम “संकल्प” रखी गई है, जिसमें समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश और कुशल मानव संसाधन को प्राथमिकता दी गई है।

जीवनदायिनी शिवनाथ के संरक्षण पर विशेष फोकस

जिले की जीवनदायिनी शिवनाथ नदी के संरक्षण, संवर्धन और विकास के लिए लगभग 250 करोड़ रुपये के अलग-अलग प्रावधान किए गए हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत 20 करोड़, स्कूल शिक्षा विभाग में 20 करोड़, नगरीय प्रशासन में 60 करोड़ तथा लोक निर्माण विभाग में लगभग 200 करोड़ रुपये के विकास कार्य शामिल किए गए हैं।

तहसील कार्यालय होगा मॉर्डन, स्कूलों-कॉलेजों को मजबूती

राजनांदगांव तहसील कार्यालय को मॉर्डन रूप देने के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जिला कार्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण (1 करोड़), उप पंजीयक कार्यालय डोंगरगढ़ (80 लाख), पीडब्ल्यूडी स्टाफ क्वार्टर (1.20 करोड़) और जिला न्यायालय स्टाफ क्वार्टर (5 करोड़) के लिए भी राशि निर्धारित की गई है।

शिक्षा के क्षेत्र में ग्राम रानीतराई, धामनसरा, गोड़लवाही एवं लालबहादुर नगर बालक हायर सेकेंडरी स्कूल के उन्नयन हेतु 75-75 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। शासकीय महाविद्यालय अर्जुनी के लिए 4.65 करोड़, आवासीय महाविद्यालय राजनांदगांव हेतु 10 करोड़ तथा दिग्विजय कॉलेज पेण्ड्री छात्रावास के लिए 60 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।

खेल सुविधाओं को नई उड़ान

हॉकी स्टेडियम में टर्फ रिप्लेसमेंट, विद्युतीकरण एवं फ्लड लाइट के लिए 8.80 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। दिग्विजय स्टेडियम में इंडोर बैडमिंटन, बॉस्केटबॉल एवं अन्य सुविधाओं के विस्तार हेतु 6 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

रानीसागर-बूढ़ासागर का पुनर्विकास, सड़क और भवन निर्माण

ऐतिहासिक रानी सागर एवं बूढ़ासागर के पुनर्विकास के लिए 35 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। गौरीनगर रेलवे क्रॉसिंग से सरकारी प्रेस तक सड़क चौड़ीकरण हेतु 11 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। वर्ष 2026-27 में अधोसंरचना को सशक्त बनाने के लिए 3 नए भवन निर्माण कार्यों पर लगभग 10.21 करोड़ और 24 नई सड़कों के निर्माण के लिए 8.81 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है।