राजनांदगांव। भाजपा के दक्षिण एवं उत्तर मंडल के कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखा और संसदीय प्रक्रियाओं की बारीकियों को समझा। यह अवसर उन्हें विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा दिये गए आमंत्रण पर मिला। कार्यकर्ताओं का नेतृत्व जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने किया।
विधानसभा परिसर में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान डॉ. रमन सिंह ने अपने पहले कार्यकाल से जुड़े संसदीय अनुभवों को साझा करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक प्रणाली की जमीनी समझ विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को लोकतंत्र की मूल आत्मा को समझना चाहिए, ताकि संगठनात्मक कार्यों को बेहतर ढंग से क्रियान्वित किया जा सके।
विधानसभा अवलोकन के दौरान कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री रामविचार नेताम एवं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा से सौजन्य मुलाकात कर राज्य की योजनाओं व नीतियों की जानकारी ली। दोनों मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहने का संदेश दिया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए नवीन दृष्टिकोण, निरंतर संपर्क और सेवा भाव पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ होते हैं और उनकी राजनीतिक दृष्टि मजबूत होने से संगठन में ऊर्जा का संचार होता है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से मंडल अध्यक्ष सुमित भाटिया, प्रशांत गुप्ता, चंद्रभान जंगेल, विनोद भारती, अशोकआदित्य श्रीवास्तव, बलवंत साव, राजा माखीजा, दामु भूतड़ा, मोहन सिन्हा, मनोज यादव, गीतेश गुप्ता, हेतल भोजानी, प्रवीण शुक्ला, श्रीमती शालू वर्मा, प्रेम सोनकर, नेहा शर्मा, सरिता यादव, सुश्री रानू मेश्राम, नरेंद्र डड्डा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यकर्ताओं ने इस अनुभव को ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें राजनीतिक कार्यप्रणाली की बेहतर समझ मिली है, जिसे वे जमीनी स्तर पर कार्य करते समय प्रयोग करेंगे।
विधानसभा की कार्यवाही के प्रत्यक्षदर्शी बने भाजपा कार्यकर्ता, डॉ. रमन सिंह ने बांटे अनुभव
