शक्तिधाम महाकाली मंदिर में पंचमी पर मां महाकाली का भव्य श्रृंगार, भक्तों की उमड़ी भीड़

Share This :

राजनांदगांव। शहर के वार्ड नंबर 1, बाबुटोला स्थित शक्तिधाम महाकाली मंदिर में चैत्र नवरात्र महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस दौरान मंदिर में सात दिवसीय महालक्ष्मी महायज्ञ का आयोजन भी किया गया है। यज्ञ शाला का परिक्रमा करने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
नवरात्र के पंचमी के शुभ अवसर पर मां महाकाली का विशेष मनोरम श्रृंगार किया गया। श्रृंगार देखने के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे और माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मंदिर में महाआरती के बाद जस जगराता का आयोजन किया गया, जिसमें भक्त देर रात तक भजनों में झूमते रहे।
मंदिर के प्रमुख गुरुदेव श्री हरीश यादव ने बताया कि इस वर्ष नवरात्र महोत्सव में श्रद्धालुओं की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। पंचमी के दिन भीड़ आम दिनों की तुलना में अधिक रही। सात दिवसीय महालक्ष्मी महायज्ञ में दूर-दूर से श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं और उनकी आस्था देखने लायक है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष अखिलेश बंजारा ने बताया कि आगामी अष्टमी तिथि को सर्व व्याधि निवारण हेतु उड्डीस तंत्र के तहत 21 साधकों द्वारा अभिमंत्रित धूप का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही निःसंतान दंपत्तियों को संतान प्राप्ति के लिए माता की अर्जी, श्रीफल और अभिमंत्रित औषधि भी मुफ्त दी जाएगी। अभिमंत्रित धूप और औषधि के लिए नामांकन 25 मार्च की रात 8 बजे तक अनिवार्य है।
शक्तिधाम महाकाली मंदिर में नवरात्र के दौरान भक्तों का उत्साह और आस्था देखते ही बन रही है। पंचमी के दिन मां महाकाली के भव्य श्रृंगार और भजन संध्या ने भक्तों के दिलों को भक्तिमय कर दिया।