शिवाजी जयंती के मंच से सियासी हुंकार: राज्यसभा में छत्तीसगढ़ को मिलेगा मौका, सरकार पर बरसे दीपक बैज

Share This :

राजनांदगांव (नांदगाँव टाइम्स) । शिवाजी जयंती के मौके पर ग्राम जंगलेश्वर में चंद्राकर समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में राज्यसभा चुनाव, अमेरिका–भारत ट्रेड डील और डी.एड. छात्रों की नौकरी जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी।

आगामी मार्च में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि उम्मीदवार का फैसला पार्टी नेतृत्व करता है, लेकिन इस बार छत्तीसगढ़ के नेताओं को ही राज्यसभा में प्रतिनिधित्व मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने के लिए स्थानीय चेहरों को प्राथमिकता दी जाएगी।

अमेरिका–भारत ट्रेड डील पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि यह समझौता देशहित में नहीं दिखता। उनके मुताबिक इस डील से भारत के रूस के साथ संबंध प्रभावित हुए हैं और आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से पारदर्शिता और स्पष्टता की मांग की।

डी.एड. प्रशिक्षित छात्रों की नियुक्ति को लेकर उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधा। बैज ने कहा कि सरकार को सिर्फ नियुक्ति पत्र देना है, लेकिन इसके बजाय छात्रों पर कार्रवाई की जा रही है। इसे उन्होंने युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय बताया।