श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के बच्चों के लिए योजनाओं पर कार्यशाला आयोजित

Share This :

मोहला। श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत श्रमिकों के बच्चों के शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए छात्रवृत्ति सहायता योजना, शिक्षा प्रोत्साहन योजना और नि:शुल्क कोचिंग योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं चलायी जा रही हैं।

इन योजनाओं के लाभ को श्रमिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से श्रम विभाग के द्वारा महाविद्यालयों में कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति के निर्देश पर यह कार्यशाला महाविद्यालयों में आयोजित की जा रही हैं।

इसी क्रम में विकासखंड अम्बागढ़ चौकी स्थित शासकीय लाल चक्रधर शाह महाविद्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में श्रम विभाग के अधीन गठित छग भवन और अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल तथा छग असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल द्वारा पंजीकृत श्रमिकों, असंगठित कर्मकारों के बच्चों को योजनाओं के लाभ की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में श्रमिकों के बच्चों के लिए विशेष रूप से छात्रवृत्ति सहायता योजना, शिक्षा प्रोत्साहन योजना और नि:शुल्क कोचिंग योजना की जानकारी दी गई। यह योजनाएं कक्षा 1 से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक के बच्चों के लिए हैं। इसके तहत छात्रों को 1 हजार से लेकर 10 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, ताकि वे अपनी शिक्षा को बेहतर बना सकें और अपने भविष्य के लिए आत्मनिर्भर बन सकें।

श्रम विभाग की यह पहल श्रमिकों के परिवारों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर प्रदान करने के लिए अहम साबित हो रही है।