सावरकर सम्मान यात्रा के दौरान अभिनव भारत पार्टी की बैठक आयोजित, शुक्ल बने छग प्रदेश संयोजक

Share This :

राजनांदगांव। अभिनव भारत पार्टी की सावरकर सम्मान यात्रा के रायपुर आगमन पर एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चेतन शर्मा एवं राष्ट्रीय महामंत्री ममता झा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक स्थिति पर व्यापक चर्चा की गई।
बैठक के दौरान रायपुर निवासी प्रकाश नारायण शुक्ल (बाबा) को अभिनव भारत पार्टी का छत्तीसगढ़ प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया। यह निर्णय गहन विचार-विमर्श एवं कार्यकर्ताओं की सर्वसम्मति के बाद लिया गया। पार्टी अध्यक्ष चेतन शर्मा ने श्री शुक्ल को शीघ्र ही प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कर संगठन को जमीनी स्तर तक विस्तार देने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि सावरकर विचारधारा पर आधारित अभिनव भारत पार्टी राष्ट्र निर्माण में एक सशक्त भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत कर आने वाले समय में हर पंचायतए ब्लॉक और जिले तक पार्टी की पहुंच बनाने की योजना है।
बैठक में शामिल छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं ने प्रकाश नारायण शुक्ल के नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास जताते हुए हर्ष व्यक्त किया और कहा कि उनके मार्गदर्शन में प्रदेश संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने और संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया। बैठक का समापन उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता के साथ किया गया।