राजनांदगांव। भाजपा के सेवा पखवाड़ा को लेकर मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सेवा भावना से कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा का मूल मंत्र सेवा है, और कार्यकर्ताओं को इसे ही अपनी प्राथमिकता बनाना चाहिए।
श्री जैन ने कहा कि सेवा पखवाड़ा सिर्फ औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का संकल्प है। इस दौरान स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, पोषण एवं जनजागरूकता रैलियों का आयोजन किया जाएगा। युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान, “एक पेड़ मां के नाम”, खेलकूद प्रतियोगिता, “लोकल फॉर वोकल” को बढ़ावा देने जैसे कार्यक्रमों की भी योजना बनाई गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी कार्यक्रम सिर्फ दिखावे के लिए न किया जाए, बल्कि जनसेवा के भाव से किया जाए। स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण जैसे कार्यों में वास्तविकता झलकनी चाहिए ताकि जनता के बीच सकारात्मक संदेश जाए।
कार्यशाला में भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर सेवा कार्यों का संचालन करें। उन्होंने अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक भाजपा की योजनाओं को पहुंचाने की बात कही।
सेवा पखवाड़े के जिला संयोजक सौरभ कोठारी ने स्वागत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक सेवा का यह महायज्ञ चलेगा, जिसमें सभी कार्यकर्ता सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने मंडल स्तर पर संयोजक और सहसंयोजकों की नियुक्ति का आह्वान भी किया।
कार्यशाला का संचालन भाजपा महामंत्री रविन्द्र वैष्णव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन हिरेंद्र साहू ने किया। कार्यक्रम के दौरान वरुण भास्कर गुप्ता ने संघ के शताब्दी वर्ष में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक जुड़ने की अपील की।
मुख्य वक्ता यशवंत जैन ने भाजपा के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने धारा 370 हटाकर देश को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि जब हम वृक्षारोपण करें, तो यह सोचकर करें कि आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ वायु मिले। यह आयोजन भावनात्मक जुड़ाव के साथ किया जाए।
उन्होंने कहा कि आज मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के चलते देश के गरीबों का जीवन बदल रहा है। “लोकल फॉर वोकल” की नीति से आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, वरिष्ठ नेता संतोष अग्रवाल, सचिन बघेल, राजेंद्र गोलछा, विनोद खांडेकर, किरण वैष्णव, गीता साहू, शशिकांत द्विवेदी, प्रकाश सांखला, शिव वर्मा, गोलू गुप्ता, सुमित भाटिया, पूर्णिमा साहू सहित सभी मंडल अध्यक्ष, महामंत्री एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।