स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल, विपक्ष ने सरकार से मांगे ठोस कदम

Share This :

विधायक देवेंद्र यादव ने साधा सरकार पर निशाना, सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

रायपुर। (नांदगांव टाइम्स) छत्तीसगढ़ में हाल के दिनों में सामने आई स्कूली छात्रों से जुड़ी हिंसक घटनाओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था और सामाजिक हालात पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनांदगांव में एक स्कूली छात्र पर दिनदहाड़े धारदार हथियार से हमला किए जाने की घटना के बाद चिंता और बढ़ गई है। वहीं राजधानी रायपुर के आत्मानंद स्कूल में एक छात्र के हाथ में चाकू पाए जाने का मामला भी सामने आया है।इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि यह स्थिति केवल सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरी नहीं, बल्कि बच्चों को मिल रहे सामाजिक और मानसिक वातावरण का भी गंभीर संकेत है। उनका कहना है कि राज्य में बढ़ता नशा और हिंसा अब स्कूलों तक पहुंचने लगी है, जो बेहद चिंताजनक है।

विधायक देवेंद्र यादव ने राज्य सरकार से स्कूल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, नशे के खिलाफ प्रभावी और सतत अभियान चलाने तथा बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए काउंसलिंग व्यवस्था को प्राथमिकता देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।

विपक्ष का कहना है कि इन घटनाओं को केवल अलग-अलग मामले मानकर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इन्हें चेतावनी के रूप में लेते हुए व्यापक स्तर पर सुधारात्मक कदम उठाए जाने की जरूरत है, ताकि प्रदेश के बच्चों को सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण मिल सके।