हर वर्ग के सपनों को साकार करने वाला जनहितैषी बजट : शीला टाकेश सिन्हा

Share This :

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार के वित्तमंत्री द्वारा प्रस्तुत राज्य बजट को जिला पंचायत सभापति श्रीमती शीला टाकेश सिन्हा ने छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प पत्र बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आय-व्यय का विवरण नहीं, बल्कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास का रोडमैप है, जो गांव से लेकर शहर तक समान रूप से प्रगति की नई राह प्रशस्त करेगा।
श्रीमती सिन्हा ने कहा कि बजट में समाज के प्रत्येक वर्ग किसान, युवा, महिला, मजदूर, व्यापारी और मध्यमवर्ग की आवश्यकताओं का गंभीरता से ध्यान रखा गया है। सरकार की प्राथमिकता स्पष्ट है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि विकास केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित न रहे, बल्कि गांव-गांव तक उसकी रोशनी पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विशेष प्रावधान इस बात का प्रमाण हैं कि राज्य सरकार समावेशी विकास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। बजट में कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए किए गए प्रावधान किसानों के जीवन में स्थिरता और समृद्धि लाएंगे। सिंचाई, समर्थन मूल्य, भंडारण और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने जैसे कदम प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं से किसान आत्मनिर्भर बनेंगे और ग्रामीण क्षेत्र आर्थिक रूप से अधिक सशक्त होगा। युवाओं के लिए रोजगार सृजन, कौशल विकास और स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने वाले प्रावधान राज्य को नई ऊर्जा देंगे। नई औद्योगिक संभावनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे, जिससे प्रदेश की प्रगति को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में किए गए प्रावधान सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाते हैं। स्व सहायता समूहों को बढ़ावा, मातृत्व लाभ योजनाएं और सुरक्षा से जुड़े कदम महिलाओं को आत्मविश्वास और आर्थिक स्वतंत्रता प्रदान करेंगे। स्वास्थ्य, शिक्षा और अधोसंरचना पर बढ़ाया गया। निवेश छत्तीसगढ़ को विकास के नए आयाम देगा। बेहतर अस्पताल, आधुनिक स्कूल, सड़कों और पुलों का विस्तार प्रदेश को समृद्धि की ओर अग्रसर करेगा।
अंत में श्रीमती शीला टाकेश सिन्हा ने कहा कि यह बजट विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की ओर एक मजबूत और निर्णायक कदम है। यह बजट प्रदेशवासियों के सपनों को साकार करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी और पारदर्शिता के साथ यह बजट राज्य को प्रगति और समृद्धि के नए शिखर पर पहुंचाएगा।