राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने आगामी होली पर्व को देखते हुए डोंगरगढ़ और डोंगरगांव विकासखंड के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से मिठाई, घी, पनीर, नमकीन, आटा, मैदा, बेसन, सूजी, बेकरी सहित अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 125 नमूने संकलित किए। मौके पर जांच में 118 नमूने मानक पाए गए, जबकि 5 नमूने अवमानक पाए गए।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने आशीष डेयरी एवं डेली नीड्स डोंगरगढ़ से घी, पनीर और खारी तथा जैन स्वीट्स, तुमड़ीबोड़ से मिल्क कतली और नमकीन के नमूने उच्च स्तरीय जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। यदि किसी नमूने में अवमानक, मिथ्याछाप या असुरक्षित पाया जाता है, तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने कहा कि नागरिकों तक सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य उत्पाद पहुंचाना प्राथमिकता है। खाद्य कारोबारियों से अपील की गई है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में सुरक्षित एवं सही गुणवत्ता के खाद्य पदार्थ ही विक्रय, भंडारण और विनिर्माण करें।
साथ ही नागरिकों को भी सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। किसी भी खाद्य पदार्थ को खरीदते समय पंजीकृत और विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदें, पक्का बिल (रसीद) अवश्य लें। अत्यधिक चमकीले और गहरे रंग वाली मिठाइयों में अखाद्य रंग हो सकते हैं, इसलिए प्राकृतिक रंग वाली मिठाइयों को प्राथमिकता दें। पैकेट बंद खाद्य पदार्थ, नमकीन और पेय पदार्थ खरीदते समय निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि और एफएसएसएआई नंबर जांचना अनिवार्य है।
यदि किसी प्रतिष्ठान पर मिलावटी या दूषित खाद्य सामग्री बेची जा रही हो, तो नागरिक विभाग की हेल्पलाइन 9340597097 पर तुरंत सूचना दें।
