12 जनवरी को युवा दिवस का आयोजन, स्वामी विवेकानंद जयंती पर जिलेभर के विद्यार्थी होंगे शामिल

Share This :

राजनांदगांव। स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस 12 जनवरी 2026 को गांधी सभा गृह में मनाया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिला राजनांदगांव द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान किया जाएगा।
युवा दिवस के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता, काव्य पाठ एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले के समस्त स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थी भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया जाएगा। साथ ही आत्मनिर्भर भारत और नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई जाएगी तथा स्वामी विवेकानंद जी के विचारों एवं उनके योगदान पर चर्चा होगी।
प्रतियोगिताओं में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी ही शामिल हो सकेंगे। काव्य पाठ और भाषण प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों को 5-5 मिनट का समय दिया जाएगा। काव्य पाठ का विषय उठो, जागो : स्वामी विवेकानंद जी का अमर संदेश रहेगा, जिसे हिंदी या छत्तीसगढ़ी भाषा में प्रस्तुत किया जा सकेगा। वहीं भाषण हिंदी या अंग्रेजी में होगा, जिसका विषय स्वामी विवेकानंद जी युवाओं के प्रेरणास्रोत एवं राष्ट्रनिर्माण के पथप्रदर्शक रहेगा।
रंगोली प्रतियोगिता के लिए 45 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। इसका विषय युवा शक्ति एवं स्वामी विवेकानंद जी पर आधारित होगा। आयोजकों ने बताया कि सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता से संबंधित सामग्री स्वयं लानी होगी तथा सहभागिता निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही मान्य होगी।
आयोजन का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, आत्मनिर्भरता और सकारात्मक सोच का विकास करना है।