राजनांदगांव। एफआईएच जूनियर मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2025 के मद्देनजर देशभर में ट्रॉफी का विशेष भ्रमण कार्यक्रम चल रहा है। इसी क्रम में यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी 18 नवंबर को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुँचेगी। विश्व कप 28 नवंबर से 10 दिसंबर 2025 तक चेन्नई में आयोजित होना है।
छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने बताया कि यह दूसरा अवसर है जब हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉवऊी रायपुर आ रही है। इससे पहले 24 दिसंबर 2022 को भी ट्रॉफी रायपुर लाई गई थी, जब 2023 वर्ल्ड कप का आयोजन उड़ीसा में किया गया था।
महासचिव डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रॉफी 18 नवंबर की सुबह 7.30 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुँचेगी। एयरपोर्ट से खिलाड़ी और खेल संघ के पदाधिकारी इसे विशेष रैली के साथ सुबह 9.30 बजे उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव के नया रायपुर स्थित आवास लेकर पहुंचेंगे।
यहां आयोजित भव्य स्वागत समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि होंगे। अन्य विशिष्ट अतिथि भी इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनेंगे।
इसके बाद ट्रॉफी को छत्तीसगढ़ ओलिंपिक एसोसिएशन के मार्गदर्शन में विधानसभा ले जाया जाएगा। यहां आयोजित विशेष कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्रीगण एवं विधायकगण ट्रॉफी का औपचारिक स्वागत और अनावरण करेंगे।
छत्तीसगढ़ ओलिंपिक एसोसिएशन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग और छत्तीसगढ़ हॉकी ने खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में शामिल होकर इस महत्वपूर्ण अवसर को यादगार बनाएं।
Thursday, March 26, 2026
Offcanvas menu
