राजनांदगांव। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मिशन साइबर सुरक्षा अभियान के तहत 8 म्यूल बैंक खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। इन खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर की जा रही थी। आरोपियों के खातों में 20 लाख रुपए से अधिक के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बंधन बैंक, केनरा बैंक, यूको बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा में खाते खुलवाकर उन्हें म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल किया। चंद पैसों के लालच में आकर ये लोग साइबर ठगों को अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, रजिस्टर्ड सिम और चेकबुक उपलब्ध कराते थे।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिले में म्यूल अकाउंट धारकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। थाना कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 108/2025, 109/2025, 110/2025 और 380/2025 दर्ज कर धारा 317 (2), 317 (4) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में जावेद सोलंकी, सागर वैष्णव, उदित जैन, आवेश खान, मुकेश कुमार वैष्णव, चंदुलाल क्षत्रीय, मिथलेश ताम्रकर, लिकेश साहू शामिल है।
साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए गृह मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र के पोर्टल से संदिग्ध खातों की जानकारी साझा की जा रही है। उसी आधार पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम किसी के कहने पर न दें। अवैध स्रोतों से प्राप्त रकम को खाते में लेना, खाता किराये या कमीशन पर देना दंडनीय अपराध है। यदि खाते में कोई संदिग्ध ट्रांजेक्शन दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
8 म्यूल खाताधारक गिरफ्तार : 20 लाख से ज्यादा का संदिग्ध ट्रांजेक्शन, मिशन साइबर सुरक्षा के तहत संयुक्त एक्शन
