भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाने वाले महेन्द्र धुर्वे ने की एसपी से सौजन्य भेंट

Share This :

राजनांदगांव। शहर के होनहार अंतर्राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी महेन्द्र धुर्वे ने अंडर-19 सीएवीए वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए देश को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया। यह प्रतियोगिता 10 से 16 जून तक उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित की गई थी। महेन्द्र को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बेस्ट अटेकर के पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।
राजनांदगांव के स्टेट स्कूल मैदान से खेल करियर की शुरुआत करने वाले महेन्द्र ने अपने कठिन परिश्रम और लगन के बल पर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशेष पहचान बनाई है। इससे पूर्व वे ईरान के बैरीन में आयोजित अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में भी उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया था।
फिलहाल महेन्द्र स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, त्रिवेंद्रम (केरल) में निरंतर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वे आगामी प्रतियोगिताओं में भारत को और ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए अभ्यासरत हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव मोहित गर्ग ने उन्हें कार्यालय में आमंत्रित कर सौजन्य भेंट की। एसपी श्री गर्ग ने महेन्द्र की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महेन्द्र जैसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी प्रदेश की खेल प्रतिभा का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो आने वाले समय में देश का गौरव बढ़ाएंगे।
महेन्द्र की इस सफलता पर जिलेभर से बधाइयों का सिलसिला जारी है और खेलप्रेमियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।