राजनांदगांव। शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले चिखली-खैरागढ़ रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर अब दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी। नगर पुलिस व सार्वजनिक समिति दीनदयाल नगर चिखली के संयुक्त प्रयास से लोहे के मजबूत रेलिंग बेरीकेट लगाकर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।
बीते समय में ओवरब्रिज पर बढ़ते ट्रैफिक के कारण दुर्घटनाओं की संख्या में इजाफा हो रहा था। इस स्थिति को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक की अगुवाई में सुरक्षा के लिए यह ठोस कदम उठाया गया।
रविवार दोपहर 2 बजे हुए आयोजन में ओवरब्रिज पर 10 लोहे के रेलिंग बेरीकेट लगाए गए। इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक, चिखली थाना प्रभारी उमेश बघेल, वर्तमान चिखली प्रभारी अरुण नामदेव, शिवशक्ति समिति अध्यक्ष शेखर ठाकुर, अभिषेक दूबे, मनोज जैन, समारू मेजर सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
रेलिंग लगाए जाने से तेज रफ्तार वाहनों की गति पर नियंत्रण रहेगा तथा पैदल चलने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। जल्द ही सीसीटीवी कैमरे भी ओवरब्रिज पर लगाए जाएंगे, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
इस पहल की शहरवासियों ने जमकर सराहना की। लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और ओवरब्रिज पर धीमी गति से वाहन चलाने का आश्वासन भी दिया।
नगर पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक ने कहा कि, लोगों की जानमाल की सुरक्षा सर्वोपरि है, और इस तरह के सहयोग से ही सुरक्षित शहर का निर्माण संभव है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि इस अभियान को भविष्य में भी जारी रखा जाएगा और अन्य संवेदनशील स्थलों पर भी इसी तरह की रेलिंग व निगरानी व्यवस्था स्थापित की जाएगी।
जनता से अपील है कि वे इस सुरक्षा मुहिम में प्रशासन का सहयोग करें और अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहें।
दुर्घटनाओं पर लगेगा ब्रेक : पुलिस विभाग की पहल पर ओवरब्रिज पर लगाए गए रेलिंग बेरीकेट
