मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर भाजपा की बैठक आयोजित

Share This :

खैरागढ़। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर 2025) अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी खैरागढ़ शहर मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, दिनेश वर्मा, बूथ संयोजक सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
बैठक को संबोधित करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण लोकतंत्र को सशक्त और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और गलत नाम हटाए जा सकें।
उन्होंने बताया कि यह अभियान निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत संचालित किया जा रहा है। जिन नागरिकों की आयु निर्धारित तिथि तक 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से नया नाम जुड़वा सकते हैं, वहीं फॉर्म-7 के जरिए मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटवाए जा सकते हैं।
विक्रांत सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता समाज में अपनी संगठनात्मक सक्रियता और जनसेवा के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य है कि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह से शुद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष बने।
इस अवसर पर लखन साहू, विनय देवांगन, नीलिमा गोस्वामी, संजय शर्मा, कीर्ति वर्मा, डोरेलाल साहू, ऋषभ सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।