मोहला-मानपुर-अंबागढ़ में सिंचाई सुविधा में बड़ा विस्तार, किसानों की आमदनी और जीवन स्तर में सुधार

Share This :

मोहला। जिले के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में किसानों के सिंचाई प्रबंधन और फसल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर परियोजनाएं पूरी की गई हैं। राज्य स्थापना के बाद से जल संसाधन विभाग ने मध्यम परियोजना, लघु जलाशय और एनीकट का निर्माण कर कुल 7976 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार किया है।

जिले की प्रमुख परियोजना मोंगरा बैराज का निर्माण 2008 में पूरा हुआ। इस परियोजना के तहत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ के 3670 हेक्टेयर और राजनांदगांव जिले के 6651 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई गई। इससे अंबागढ़ चौकी विकासखण्ड के किसानों की आजीविका में सुधार हुआ और आय में वृद्धि दर्ज की गई। साथ ही ग्रीष्मकाल में पेयजल और निस्तारी के लिए भी जल उपलब्ध कराया जा रहा है।

इसके अलावा, मानपुर विकासखण्ड में 08, मोहला में 06 और अंबागढ़ चौकी में 13 एनीकट का निर्माण किया गया। साथ ही अंबागढ़ में 01 लघु जलाशय चिखलाकसा का निर्माण हुआ। इन परियोजनाओं से कुल 1957 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा मिली है।

जिला प्रशासन ने बताया कि इन सभी परियोजनाओं से फसल उत्पादन में वृद्धि हुई है। किसानों की आमदनी बढ़ी है और जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आया है। सिंचाई सुविधा बढ़ने से किसान आर्थिक रूप से मजबूत हुए हैं और कृषि गतिविधियों में सुधार आया है।