धान खरीदी अभियान से किसानों में उत्साह, 61207 किसानों से 31.72 लाख क्विंटल धान की खरीदी

Share This :

राजनांदगांव। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत चल रहे धान खरीदी महाभियान से किसानों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। शासन द्वारा समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की जा रही है।

कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशन में जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में खरीदी कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। धान खरीदी केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, बायोमैट्रिक डिवाइस, आर्द्रता मापी यंत्र, पेयजल, छांव और श्रमिकों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। किसानों द्वारा लाए गए धान की गुणवत्ता जांच आर्द्रता मापी यंत्र से की जा रही है।

जिले के 96 धान खरीदी केंद्रों में धान खरीदी की दर एवं किसानों की सूची फ्लैक्स के माध्यम से प्रदर्शित की गई है। कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों की सतत निगरानी रखने के साथ ही कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा अवैध धान खरीदी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

धान बिक्री के लिए किसान ‘टोकन तुंहर हाथ’ मोबाइल एप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर रहे हैं, जिससे समय की बचत हो रही है और किसानों को सुविधा मिल रही है।

अब तक जिले में 61207 पंजीकृत किसानों से 753 करोड़ 20 लाख 41 हजार रुपये मूल्य का 31 लाख 72 हजार 262 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। साथ ही धान का उठाव कार्य भी निरंतर जारी है। अब तक धान उपार्जन केंद्रों से 5 लाख 46 हजार 719.72 क्विंटल धान का उठाव किया जा चुका है।

धान खरीदी की सुव्यवस्थित व्यवस्था से किसानों में संतोष और विश्वास का माहौल बना हुआ है।