महापौर ने शहर के वार्ड 1 और 2 में की सफाई एवं पेयजल व्यवस्था की समीक्षा, नवागांव टंकी की सफाई का किया निरीक्षण

Share This :

राजनांदगांव। महापौर श्री मधुसूदन यादव ने आज सुबह लोक निर्माण विभाग के प्रभारी सदस्य श्री सावन वर्मा के साथ शहर के प्रमुख वार्डों—वार्ड क्र. 1 और 2—में सफाई और पेयजल की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान महापौर ने स्थानीय नागरिकों से चर्चा की और सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए सुझाव दिए।

महापौर श्री यादव ने नवागांव टंकी का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रीष्म ऋतु के पहले सभी टंकियों की सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि टंकी के अंदर जमा रेत और गंदगी को पूरी तरह से निकालकर टंकी की सफाई की जाए। साथ ही टंकी के लिकेज की मरम्मत और अन्य आवश्यक सुधार भी किए जाएं। जल प्रभारी अधिकारी को ग्रीष्म ऋतु से पहले सभी टंकियों की सफाई और वाल्व व पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य पूरा करने का आदेश दिया।

महापौर श्री यादव ने नवागांव, बाबू टोला, और दीवान टोला क्षेत्रों का पैदल दौरा किया और वहां के वार्डवासियों से बातचीत की। उन्होंने सफाई पर विशेष जोर देते हुए कहा, “सफाई में आपका भी सहयोग बेहद जरूरी है। कृपया कचरे को निगम की गाड़ी में ही डालें और अपने घर के आसपास के इलाके को साफ रखें।” उन्होंने नवागांव तालाब पार के क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए वार्ड प्रभारी को निर्देशित किया कि तालाब और उसके आसपास के इलाके की सफाई भी सुनिश्चित की जाए और कचरे को तालाब में डालने से रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जाए।

इसके अलावा, महापौर ने नवागांव गौठान का भी निरीक्षण किया और वहां के मरम्मत कार्य को जल्द पूरा करने की बात कही। उन्होंने कहा, “गौठान को साफ-सुथरा रखें और वहां मवेशियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें।”

दीवानटोला मुख्य मार्ग का निरीक्षण करते हुए महापौर ने देखा कि यह मार्ग जर्जर हो चुका था। महापौर के निर्देश पर इस मार्ग का सीमेंटिंकरण कराया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा ताकि वार्डवासियों को इनका पूरा लाभ मिल सके।

महापौर ने इस अवसर पर सफाई, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं के सुधार के लिए निगम के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान वार्डवासी और निगम का अमला उपस्थित था।