भाजपा युवा मोर्चा में नई जिम्मेदारियाँ, राजनांदगांव को मिला चिंटू के रूप में सशक्त नेतृत्व

Share This :

राजनांदगांव। (नांदगाँव टाइम्स) भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यालय द्वारा दिनांक 29 जनवरी 2026 को भाजपा युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ के जिला अध्यक्ष एवं महामंत्री पदों पर नवीन नियुक्तियों की घोषणा की गई। यह घोषणा प्रदेश अध्यक्ष मान. श्री किरण सिंह देव की सहमति से की गई है। नियुक्तियाँ तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

घोषणा सूची में राजनांदगांव जिले को विशेष महत्व दिया गया है। युवा मोर्चा राजनांदगांव के जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी चिंटू सोनकर को सौंपी गई है, जबकि महामंत्री पद पर श्री नोमेश वर्मा एवं आशुतोष सिंह राजपूत को नियुक्त किया गया है। पार्टी संगठन ने इन नियुक्तियों के माध्यम से जिले में युवाओं को अधिक सक्रिय भूमिका देने का संकेत दिया है।भाजपा सूत्रों के अनुसार, राजनांदगांव में युवा मोर्चा संगठन को और अधिक मजबूत करने, युवाओं को पार्टी की नीतियों से जोड़ने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों—बस्तर, नारायणपुर, कबीरधाम, बेमेतरा, जशपुर, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, धमतरी, रायपुर शहर, महासमुंद एवं गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही—में भी जिलाध्यक्ष एवं महामंत्रियों की घोषणा की गई है।

पार्टी नेतृत्व ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों से संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने, युवाओं की आवाज़ बनने और भाजपा की विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई है।