रायपुर (नांदगांव टाइम्स) नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए इसके फेस-2 विकास कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने की तैयारी की जा रही है। प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि फेस-2 के अंतर्गत पर्यटकों की सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कार्यों में कैफेटेरिया, गढ़ कलेवा, दुकानें, आकर्षक बागवानी, नंद सागर का सौंदर्यीकरण, फाउंटेन तथा बेहतर पार्किंग व्यवस्था शामिल है, जिससे यह परिसर जनसामान्य और पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षक बन सकेगा।
इसके साथ ही बैठक में निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर के डिजाइन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कन्वेंशन सेंटर में अत्याधुनिक ऑडिटोरियम, आर्ट गैलरी, प्रदर्शनी हॉल और फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जो सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देंगी।
इस अवसर पर टीआरटीआई की संचालक श्रीमती हिना अनिमेष नेताम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
