रायपुर (नांदगाँव टाइम्स) । केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने केंद्रीय बजट को नवोत्थान और समावेशी विकास का वाहक बताते हुए इसे विकसित भारत–2047 के विजन को साकार करने वाला सशक्त दस्तावेज बताया। वे राजधानी रायपुर में अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि इस बजट में आगामी 25 वर्षों के लिए देश के आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे के विकास की स्पष्ट दिशा तय की गई है। पहली बार कर्तव्य भवन में तैयार किया गया यह बजट शासन व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है। साथ ही 16वें वित्त आयोग की रिपोर्ट को शामिल किए जाने से राज्यों के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई।
केंद्रीय मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि बजट प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन से बिजली, आवास, शहरी विकास और अधोसंरचना क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति होगी। उन्होंने दोहराया कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
प्रेस वार्ता में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, सांसद श्री संतोष पाण्डेय, श्री बृजमोहन अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
