राजनांदगांव (नांदगाँव टाइम्स) । शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पुलिस ने नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने विभिन्न प्रमुख चौराहों और सर्विस रोड पर कार्रवाई की।

अभियान के दौरान अग्रवाल ट्रांसपोर्ट तिराहा, पुराना बस स्टैंड चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, रेलवे स्टेशन रोड, भगत सिंह चौक, महावीर चौक, गुरुद्वारा चौक, नया बस स्टैंड, अंबेडकर चौक से आर.के. नगर चौक तक सर्विस रोड के दोनों ओर अवैध रूप से खड़े वाहनों पर लॉक लगाया गया। वहीं नो-पार्किंग जोन में खड़ी दोपहिया गाड़ियों को क्रेन के जरिए उठाकर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक कुल 81 वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग के कारण आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी, जिसे देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों या सफेद पट्टी के अंदर ही खड़े करें। फ्लाईओवर के नीचे उपलब्ध पार्किंग का उपयोग करें, ताकि यातायात बाधित न हो। साथ ही व्यापारियों से मालवाहक वाहनों की लोडिंग-अनलोडिंग जिला प्रशासन द्वारा तय समय पर ही कराने की अपील की गई है।
