राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देश पर खनिज विभाग ने जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने आकस्मिक निरीक्षण के दौरान 7 वाहनों को अवैध खनिज परिवहन करते हुए जप्त किया। इस दौरान खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत 7 प्रकरण दर्ज किए गए।
खनिज विभाग की अधिकारी सुश्री ज्योति मिश्रा ने बताया कि ग्राम सुरगी में अवैध रूप से मरूम का खनन और परिवहन करते हुए जेसीबी (सीजी 08 ए एम 2117) और हाईवा (सीजी 08 बीएफ 1708) को जप्त किया गया। इसके अलावा, ग्राम भंवरमरा आक्सीजोन में अवैध रेत परिवहन करते हुए ट्रैक्टर सोल्ड स्वराज और ट्रैक्टर इंजन लोडर (सीजी 24 पी 7496) को जप्त किया गया।
इसी प्रकार, ग्राम पारागांवकला में भी अवैध रेत परिवहन करते हुए ट्रैक्टर सोल्ड मैसी और ट्रैक्टर सोल्ड स्वराज राफ्टर को जप्त किया गया।
इन सभी जप्त वाहनों को संबंधित थानों में सुपुर्द कर दिया गया है, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके। खनिज विभाग ने यह स्पष्ट किया कि अवैध खनन और परिवहन की घटनाओं पर पूरी सख्ती से नजर रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
