राजनांदगांव। भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) मध्य क्षेत्रीय केन्द्रीय केन्द्र भोपाल द्वारा संचालित राजनांदगांव स्थित एसएआई प्रशिक्षण केन्द्र में बास्केटबॉल (बालिका व बालक) और हॉकी (बालिका) खेल के लिए चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। यह चयन ट्रायल 25 और 26 फरवरी 2026 को दिग्विजय स्टेडियम और अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में आयोजित किए जाएंगे।
चयन ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों को 25 फरवरी 2026 को सुबह 9 बजे दिग्विजय स्टेडियम (बी ब्लॉक) राजनांदगांव में उपस्थित होना होगा। खिलाड़ियों को खेल विशेष परिधान, जूते और अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ ट्रायल में भाग लेना होगा। इसके अतिरिक्त, उन्हें आधार कार्ड, जन्मतिथि प्रमाण पत्र, खेल उपलब्धि के प्रमाण पत्र की दो सेटों की मूल प्रतियां और 4 पासपोर्ट साइज फोटो लानी होंगी।
चयन प्रक्रिया भारतीय खेल प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा निर्धारित मापदण्डों के अनुसार की जाएगी, और चयन समिति की अनुशंसा को अंतिम रूप से माना जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को एसएआई की आवासीय योजना में शामिल किया जाएगा, जिससे उन्हें उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इस योजना से खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल कौशल को और बेहतर बना सकेंगे।
चयन ट्रायल के संबंध में अधिक जानकारी के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केन्द्र राजनांदगांव से संपर्क किया जा सकता है।
