जगदलपुर (नांदगाँव टाइम्स) । बस्तर पंडुम 2026 के समापन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि बस्तर भारत की संस्कृति का आभूषण है और राज्य सरकार इस समृद्ध परंपरा को नया जीवन देने का कार्य कर रही है। उन्होंने विजेता लोक कलाकारों को सम्मानित करते हुए घोषणा की कि प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कलाकारों को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में कला प्रदर्शन का अवसर दिया जाएगा।
गृह मंत्री ने कहा कि जनजातीय कला-संस्कृति के संरक्षण के साथ विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है। नियद नेल्ला नार योजना के तहत सड़कों, स्कूलों और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है, जिससे माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव दिख रहा है। औद्योगिक क्षेत्र, सिंचाई और बिजली परियोजनाओं से बस्तर के विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर पंडुम केवल आयोजन नहीं, बल्कि बस्तर की पहचान का उत्सव है। इस वर्ष 54 हजार से अधिक कलाकारों ने भाग लेकर बस्तर की लोक कला, संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय मंच दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि पर्यटन, संस्कृति और विकास के नए अवसरों के साथ बस्तर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
