पिस्टल-कट्टों के दम पर दहशत फैलाने वाला गिरोह धरा — 7 बदमाश गिरफ्तार, 4 हथियार बरामद

Share This :

चिखली चौकी पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई

राजनांदगांव (नांदगाँव टाइम्स) । जिले में अवैध हथियारों के दम पर दहशत फैलाने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौकी चिखली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा तथा उनके कब्जे से 02 पिस्टल, 02 देशी कट्टा और 01 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस को 12 फरवरी को सूचना मिली थी कि शंकरपुर क्षेत्र में कुछ युवक पिस्टल-कट्टा दिखाकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही चिखली चौकी प्रभारी ने टीम के साथ कब्रिस्तान के पास दबिश दी। पुलिस को देखते ही चार संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान एक पिस्टल, देशी कट्टा व कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने मध्यप्रदेश से अवैध हथियार खरीदकर क्षेत्र में रौब जमाने और बिक्री की योजना का खुलासा किया।

इसके बाद साइबर सेल की मदद से दुर्ग व धमतरी में भी ताबड़तोड़ दबिश दी गई, जहां से गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ा गया और अतिरिक्त हथियार जब्त किए गए। मोहारा पुल के पास रात में की गई घेराबंदी में भी एक पिस्टल बरामद हुई। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी पूर्व में भी कई गंभीर अपराधों में लिप्त रहे हैं और संगठित रूप से अवैध हथियार रखकर क्षेत्र में भय का माहौल बना रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों में शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली, डिगम्बर साहू उर्फ छोटू, सेवक कश्यप उर्फ डाला, गुंजेश वर्मा उर्फ शिया (सभी राजनांदगांव), विक्की देशमुख उर्फ मोनू (दुर्ग), जतीनदास मानिकपुरी व उमेश साहू उर्फ बठालू (दोनों धमतरी) शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ धारा 111 बीएनएस एवं 25-27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।

पूरी कार्रवाई में चिखली चौकी स्टाफ व साइबर सेल टीम की अहम भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी है।