राजनांदगांव। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों द्वारा वेतन की मांग को लेकर दो दिन से चल रही हड़ताल आज महापौर श्री मधुसूदन यादव की पहल पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में समाप्त हो गई। महापौर ने सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और सफाई कर्मियों के साथ नगर निगम समागृह में बैठक की, जिसमें निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, निगम अध्यक्ष श्री टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य श्री शैकी बग्गा, कनिष्ठ सभापति श्री संदीप बघेल, पूर्व पार्षद श्री शरद सिन्हा और सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री गोलू नायक भी मौजूद थे।
बैठक के दौरान महापौर श्री यादव ने सफाई कर्मियों से उनकी वेतन संबंधी मांगों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि निगम में फंड की कमी के कारण वेतन में देरी हो रही है। इसके साथ ही, एसआईआर में निगम के कर्मचारियों की ड्यूटी लगने के कारण वसूली प्रभावित हुई, और शासन से आने वाली राशि भी समायोजित हो गई, जिससे निगम को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा।
महापौर ने कहा कि वर्तमान में राजस्व वसूली पर जोर दिया जा रहा है और बड़े बकायादारों पर शिकंजा भी कसने की कार्रवाई चल रही है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि दिसंबर और जनवरी माह का वेतन नियमित और मस्टररोल कर्मचारियों को जल्द ही दिया जाएगा। फरवरी माह का वेतन मार्च के बीच (10 से 15 तारीख के बीच) भुगतान किया जाएगा।
महापौर ने यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता सफाई कर्मियों का वेतन देना है और किसी भी प्रकार की मांग पर आंदोलन करने की बजाय कर्मचारियों को चर्चा के लिए समय निकालने का आग्रह किया। इस चर्चा के बाद, दो माह के वेतन की सहमति के साथ हड़ताल को समाप्त कर दिया गया।
