मोहला/मानपुर। जिले के मानपुर विकासखंड में मदनवाड़ा थानाक्षेत्र के भैंसराटोला-चाउरगांव नदी में एक अज्ञात युवक की लाश रेत के भीतर मिली है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मदनवाड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर खोमन भंडारी ने बताया कि नदी की ओर से बदबू आने की सूचना पर ग्रामीणों ने जांच की। उन्होंने देखा कि नदी के सूखे हिस्से में रेत के भीतर युवक का शव दफन था। ग्रामीणों ने कल रात पुलिस को सूचना दी थी।
रात में शव बरामद करने में दिक्कत होने के कारण पुलिस ने अगले दिन मौके पर पहुंचकर पंचनामा भर शव को बाहर निकाला और पीएम के लिए मानपुर मुख्यालय भेजा। मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की।
थाना प्रभारी ने कहा कि शव की उम्र लगभग 25 से 30 साल प्रतीत होती है। शव के गले में गमछा लिपटा मिला है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस और फोरेंसिक टीम पड़ताल में जुटी हैं। आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान की जा रही है। मामले में थाने में एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
