अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नगर निगम करेगा महिलाओ का सम्मान

Share This :

राजनांदगांव। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 रविवार को नगर निगम द्वारा पुष्पवाटिका योगा हॉल में 11 बजे से महिलाओ का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के संबंध में महापौर मधुसूदन यादव ने बताया कि, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह महिला सम्मान समारोह के प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर दीप प्रज्जवलन कर सम्मान समारोह का शुभारंभ करेंगें। प्रथम सत्र में स्वच्छता रखे हर पल सुरक्षित रहेगा। कल विषय पर सारगर्भित उद्बोधन देकर जिला पंचायत राजनांदगांव की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री सुरूचि सिंह द्वारा स्वच्छता दीदी का काम कर बीएसएफ में चयनित सरस्वती साहू को सम्मानित करेगी। इसी प्रकार अधिकार जानो विषय पर अपना उद्बोधन देकर पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा रेल्वे थाना प्रभारी श्रीमती तरूणा साहू को पण्डवानी गायकी के लिए सम्मानित किया जायेगा। इसके अलावा स्वस्थ महिला समृद्ध परिवार सशक्त भारत विषय पर अपना उद्बोधन देकर राजनांदगांव मेडिकल कालेज की विभाग अध्यक्ष डॉ. ज्योति जितेन्द्र यादव द्वारा कैंसर वारियर श्रीमती सिद्धी मिरानी का सम्मान किया जायेगा। साथ ही शिक्षित महिला आत्म निर्भर महिला विषय पर अपना उद्बोधन देकर विधि डायग्नोस्टिक की पैथोलाजिस्ट डॉ. विधि मोदी द्वारा जेसीबी चालक श्रीमती दम्यंती सोनी को सम्मानित किया जायेगा।
महापौर श्री यादव ने बताया कि, महिला सम्मान समारोह के द्वितीय सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव उपस्थित रहेंगें तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद संतोष पाण्डे करेंगें। साथ ही छग पर्यटन मंण्डल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, छग श्रम कल्याण मंण्डल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, छग बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष खूबचंद पारख, विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, कृषि उपज मंडी के पूर्व उपाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगें।
महापौर श्री यादव ने बताया कि, सम्मान समारोह में स्वच्छता दीदी, सफाई दीदी, वोमेन फॉर ट्री की महिला, मितानीन दीदी एवं ई-रिक्शा चालक दीदीयों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया जायेगा। उन्होंने महिला सम्मान समारोह के गरिमामयी आयोजन में कल दिनांक 8 मार्च रविवार को प्रातः 11 बजे पुष्पवाटिका योगा हॉल में पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, पत्रकार बंधुओं, ममतामयी महिलाओं से उपस्थिति की अपील की है।