राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बसंतपुर स्थित शासकीय जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया और अस्पताल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने, रसोईघर को निर्धारित स्थान पर शिफ्ट करने और भोजन की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने एएनसी गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने और उनकी उचित देखभाल सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर ने ऑपरेशन थियेटर के स्थानांतरण, आवश्यक उपकरणों की कार्यशीलता और दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से भेंट कर सुविधाओं के बारे में जानकारी भी ली और सभी कर्मचारियों को मरीजों के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए।
