राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नीलू शर्मा आज पश्चिम बंगाल के पुरुलिया ज़िले के मानबाजार विधानसभा में आयोजित परिवर्तन यात्रा (रथ यात्रा) में शामिल हुए। इस दौरान उमड़ा जनसैलाब और जनता का उत्साह यह दर्शाता है कि बंगाल अब बदलाव की दिशा में अग्रसर है।
नीलू शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण की नई दिशा देने के संकल्प के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि परिवर्तन यात्रा में कार्यकर्ताओं और नागरिकों का उत्साह यह प्रमाण है कि जनता भाजपा के विज़न को स्वीकार कर रही है और बंगाल में बदलाव का वातावरण बन चुका है।
कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय राज्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र दुबे, पुरुलिया सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो, वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व राज्यसभा सांसद रूपा गांगुली सहित प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नीलू शर्मा ने कहा कि यह यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जनता के विश्वास और समर्थन का प्रतीक है। उन्होंने इसे बंगाल में विकास और जनकल्याण की नई शुरुआत बताया। मानबाजार विधानसभा में आयोजित परिवर्तन यात्रा ने यह संदेश दिया कि बंगाल अब बदलाव की राह पर है और भाजपा के नेतृत्व में विकास का नया अध्याय लिखने को तैयार है।
