जिला चिकित्सालय में प्रसूता महिलाओं के लिए नवीन ऑपरेशन थियेटर हुआ क्रियाशील

Share This :

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय के भू-तल में पुराने मेजर ऑपरेशन थियेटर का जीर्णोद्धार कर इसे प्रसूता महिलाओं के लिए विशेष रूप से क्रियाशील कर दिया गया।

नवीन ऑपरेशन थियेटर के प्रारंभ होने से अब जिला चिकित्सालय में आने वाली गर्भवती और उच्च जोखिम वाली प्रसूता महिलाओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा समय पर उपलब्ध होगी। थियेटर में सिजेरियन प्रसव और प्रसूति से संबंधित आपातकालीन सेवाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं।

कलेक्टर के अनुसार, इस सुविधा से उन प्रसूता महिलाओं को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्हें तत्काल शल्य चिकित्सा की आवश्यकता होती है। अब मरीजों को अन्य अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत कम होगी, जिससे समय की बचत होगी और उपचार में देरी नहीं होगी। इस पहल से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में भी मदद मिलेगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने नवीन ऑपरेशन थियेटर का निरीक्षण कर उपकरणों एवं संसाधनों की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रसूता महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेन्द्र प्रसाद, अस्पताल प्रबंधक श्री अविन चौधरी, प्रसूति एवं निश्चेतना विभाग के विशेषज्ञ और मेजर ऑपरेशन थियेटर प्रभारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।