91 मनोकामना ज्योत से जगमगाया शक्तिधाम महाकाली मंदिर, नवरात्र में उमड़ा आस्था का सैलाब

Share This :

राजनांदगांव। चैत्र नवरात्र की शुरुआत के साथ ही शक्तिधाम महाकाली मंदिर (बाबूटोला, वार्ड क्रमांक 1) में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिर परिसर 91 मनोकामना ज्योत कलशों की रोशनी से जगमगा उठा है। हर साल की तुलना में इस बार भक्तों की संख्या और उत्साह दोनों में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है।
मंदिर में इस बार सात दिवसीय वैदिक महालक्ष्मी महायज्ञ का आयोजन भी किया जा रहा है, जो जिले में पहली बार हो रहा है। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और दूर-दूर से लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
मंदिर प्रमुख हरीश यादव ने बताया कि पिछले वर्षों में 71 ज्योत कलश जलाए जाते थे, लेकिन इस बार 91 मनोकामना ज्योत प्रज्ज्वलित की गई हैं। दुर्ग, भिलाई, रायपुर, बिलासपुर, उत्तरप्रदेश और वनांचल क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की कामना कर रहे हैं।
नवरात्र के पहले दिन 19 मार्च से ही मंदिर में सुबह से श्रद्धालुओं की कतारें लगने लगीं। जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। पंचमी तिथि पर मां महाकाली का विशेष श्रृंगार किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं।
भक्तों की मांग पर 24 मार्च (षष्ठी) को जस झांकी का आयोजन भी किया जाएगा, जिसे देखने बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
मंदिर समिति के अनुसार हर साल मनोकामना ज्योत और श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जो लोगों की गहरी आस्था को दर्शाती है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, साफ-सफाई और दर्शन व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं। आयोजन को सफल बनाने में स्वयंसेवकों की टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है।