मोदी सरकार की नीतियों से बढ़ी महंगाई, आम जनता पर पड़ा सीधा असर : विपिन यादव

Share This :

राजनांदगांव। प्रेस क्लब राजनांदगांव में आज आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव ने केंद्र की भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की आर्थिक कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलताओं के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आम जनता का जीवन मुश्किल हो गया है।
प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में विपिन यादव ने कहा कि मोदी सरकार के गलत आर्थिक फैसलों के चलते आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर गहरा असर पड़ा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 195 रुपये की वृद्धि की गई है, जबकि पिछले तीन महीनों में ही इसमें 525 रुपये की बढ़ोत्तरी हो चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में भी पिछले सप्ताह 62 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पहले भाजपा 400 रुपये के गैस सिलेंडर को महंगा बताती थी, लेकिन आज वही कीमत 900 से 1000 रुपये तक पहुंच गई है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा।
श्री यादव ने कहा कि सरकार ने एक्साइज ड्यूटी घटाकर राहत देने का दावा किया, लेकिन वास्तविकता में पेट्रोल के दाम फिर बढ़ गए हैं। कुछ स्थानों पर यह वृद्धि 4 रुपये तक दर्ज की गई है। वहीं, एविएशन फ्यूल महंगा होने से हवाई यात्रा भी आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है।
खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि खाद्य तेल, दूध, मावा और राशन सामग्री के दाम बेतहाशा बढ़ गए हैं। उन्होंने दावा किया कि खाद्य तेल, जिसे 70 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचने में वर्षों लगे, वह अब 200 रुपये के पार हो चुका है।
विपिन यादव ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी के किचन का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है और परिवार चलाना कठिन हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है और सरकार केवल अपने पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है। उन्होंने आगे कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने मनरेगा के माध्यम से रोजगार की कानूनी गारंटी दी थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे कमजोर कर गरीबों के रोजगार का अधिकार छीन लिया है।
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि देश के संसाधनों और सार्वजनिक उपक्रमों पर चुनिंदा पूंजीपतियों का एकाधिकार स्थापित किया जा रहा है, जिससे आर्थिक असमानता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि रेलवे टिकट से लेकर स्कूल और कॉलेजों की फीस तक हर क्षेत्र में कीमतों में कई गुना वृद्धि हुई है। इसके साथ ही बैंकिंग सेवाओं में भी विभिन्न शुल्क लगाकर आम खाताधारकों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।
अंत में श्री यादव ने कहा कि बढ़ती महंगाई अब आम जनता के लिए एक भाजपा निर्मित आपदा बन चुकी है और लोग अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनीस खान, रमेश डाकलिया, हेमू सोनी, पंकज बांधव, धनेश पाटिला, थानेश्वर पाटिला, श्रीकिशन खंडेलवाल, राहुल तिवारी, कमलजीत पिंटू और अमित अग्रवाल प्रमुख रूप से शामिल थे।