विश्व स्वास्थ्य दिवस पर गांवों में जागरूकता कार्यक्रम, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

Share This :

राजनांदगांव। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति, रायपुर के सहयोग से जन कल्याण सामाजिक संस्थान द्वारा संचालित लिंक वर्कर स्कीम परियोजना के अंतर्गत जिले के 10 से अधिक ग्रामों में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
संस्थान के अध्यक्ष योगेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि हर वर्ष विश्व स्वास्थ्य दिवस एक विशेष थीम के साथ मनाया जाता है। इस बार सबके लिए स्वास्थ्य विषय के तहत मानसिक स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्वच्छता जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
जिला स्रोत समन्वयक जितेंद्र कुमार जंघेल ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की स्थापना वर्ष 1948 की स्मृति में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, बीमारियों की रोकथाम के उपाय बताना और स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। अच्छा स्वास्थ्य न केवल कार्यक्षमता बढ़ाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन को संतुलित और सुखद बनाता है।
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी प्रीति साहू और एएनएम तीजन टंडन ने ग्रामीणों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त जल सेवन, समय पर नींद और नशामुक्त जीवन जैसे स्वस्थ जीवनशैली के उपाय बताए।
इस दौरान ग्राम सरपंच बीरसिंग, सचिव योगेश कुमार साहू, मितानिन राजकुमारी, यशोदा, मीना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में लिंक वर्कर परियोजना से जुड़े डीआरपी, जोनल सुपरवाइजर और कार्यकर्ताओं का योगदान रहा।