राजनांदगांव। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
सीईओ ने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और आगामी शुक्रवार एवं शनिवार को संपर्क अभियान चलाकर अपूर्ण कार्यों को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्ण हो चुके आवासों पर सीसी लगाने का भी आदेश दिया।
मिशन जल रक्षा के तहत वर्षा जल संचयन और भू-जल पुनर्भरण सुनिश्चित करने के लिए जिले में निर्मित जल संरक्षण संरचनाओं की डिसिल्टिंग, सफाई और मरम्मत कार्य प्राथमिकता से करने को कहा। इसमें इंजेक्शन वेल रिचार्ज संरचना, साप्ट-ग्रे वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, सोखता गड्ढा, तालाब, नाला, परकुलेशन टैंक सहित सभी जल संरचनाओं की नियमित देखरेख शामिल है।
सीईओ ने बोरी बंधान कार्य में गति लाने, जल प्रवास रोककर जल संचयन बढ़ाने और घर-घर सोख्ता गड्ढा निर्माण कराने के निर्देश भी दिए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रत्येक शनिवार ग्रामों में स्वच्छता त्योहार आयोजित करने और कचरा संग्रहण की निरंतरता बनाए रखने का आदेश दिया। साथ ही स्वच्छताग्राहियों को प्रोत्साहन राशि समय पर प्रदान करने के निर्देश दिए।
बैठक में समर्थ पोर्टल के माध्यम से कर वसूली, लंबित कोर्ट प्रकरणों का त्वरित निराकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मनरेगा कार्यों में प्रगति लाने और कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर भी जोर दिया गया।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत अधिकारी, मनरेगा, एसबीएम और प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रोग्राम ऑफिसर एवं ब्लॉक समन्वयक बैठक में उपस्थित रहे।
